शोभावती हॉस्पिटल को सीज करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
– मानकों की अनदेखी मिलने पर शोभावती हॉस्पिटल सीज
– परिजनों ने गलत इंजेक्शन और इलाज में लापरवाही का लगाया था आरोप
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। बेसमेंट में अस्पताल संचालन और उपचार संबंधी मानकों की अनदेखी ने शोभावती हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार को उपचार के दौरान 26 वर्षीय महिला की मौत के बाद उठे विवाद के बीच बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच में कई कमियां मिलने पर अस्पताल को तत्काल सीज कर दिया गया।
किशनपुर रोड स्थित रेलवे अंडरपास के समीप संचालित शोभावती हॉस्पिटल में मंगलवार शाम बरैची गांव निवासी रेनू देवी की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। महिला के पति महेश कुमार ने अस्पताल के स्टाफ पर गलत इंजेक्शन लगाने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। महिला की हालत बिगड़ने के बाद मौत होने से परिजनों में आक्रोश फैल गया और अस्पताल में हंगामा शुरू हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम अधीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में अस्पताल पहुंची। टीम ने अस्पताल के संचालन, उपलब्ध सुविधाओं और निर्धारित मानकों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल बेसमेंट में संचालित होता मिला। इसके अलावा संचालन से जुड़े मानकों में भी कई कमियां सामने आईं। स्वास्थ्य विभाग ने इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल को सीज कर दिया।
मृतका के पति महेश कुमार का आरोप है कि अस्पताल में अप्रशिक्षित स्टाफ द्वारा उनकी पत्नी को गलत इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों के हंगामे से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई थी।
अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अस्पताल निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होता नहीं पाया गया है। जांच में मिली कमियों की रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विभागीय जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद अस्पताल संचालक के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
