डीएम को ज्ञापन देने जाते पीड़ित परिवार के सदस्य।
तीन दिव्यांग बेटों के साथ 45 वर्षों से रह रही महिला ने मांगी निष्पक्ष जांच
निर्माण कार्य पर रोक लगाने और दूसरे राजस्व अधिकारी से जांच कराने की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। धाता नगर पंचायत के वार्ड नंबर-11 स्थित कारीकान मोहल्ले में मकान की दीवार तोड़े जाने की कार्रवाई से परेशान विधवा महिला ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने डीएम को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही जांच पूरी होने तक मौके पर चल रहे निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही किसी अन्य राजस्व अधिकारी से प्रकरण की जांच कराने का अनुरोध किया है।
कारीकान धाता निवासी विमला देवी पत्नी स्वर्गीय रामप्रसाद सोनकर ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पांच बच्चे हैं। इनमें पुत्र दीपक, विकास और बृजेश तथा पुत्रियां रेशमा और आशा शामिल हैं। दोनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है और वे अपनी-अपनी ससुराल में रह रही हैं। महिला के अनुसार उसके तीनों पुत्र दिव्यांग हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं।
पीड़िता का कहना है कि वह करीब 45 वर्षों से अपने तीनों बेटों के साथ पुराने मकान में रह रही है। आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज और अधिशासी अधिकारी की ओर से पूर्व में आश्वासन दिया गया था कि उनकी दुकान और मकान को खाली नहीं कराया जाएगा। इसके बावजूद अब मकान की दीवार तोड़कर बाउंड्री का नया निर्माण कराया जा रहा है।
शिकायती पत्र में महिला ने निर्माण कार्य की तिथि 8 सितंबर 2026 बताते हुए कहा है कि यदि मकान को पूरी तरह तोड़ दिया गया तो वह अपने तीनों दिव्यांग बेटों के साथ बेघर हो जाएगी। उसके पास रहने के लिए कोई दूसरा स्थान भी नहीं है। ऐसे में परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
विमला देवी ने प्रकरण की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए किसी अन्य राजस्व अधिकारी को जांच के लिए नामित किए जाने की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि जांच पूरी होने तक प्रस्तावित नवनिर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए और पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें और उनके दिव्यांग बेटों को न्याय मिल सके।

