परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की जताई आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। हथगांव थाना क्षेत्र के सराय इदरीश गांव में मछली पकड़ने निकले 32 वर्षीय युवक का शव बुधवार सुबह तालाब में उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। युवक मंगलवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका था।
सराय इदरीश निवासी मुन्नूलाल लोधी का पुत्र दिनेश कुमार मंगलवार दोपहर गांव से कुछ दूरी पर स्थित जंगल के तालाब में मछली पकड़ने गया था। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिजन चिंतित हो उठे और ग्रामीणों के साथ आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह ग्रामीणों की नजर तालाब में उतराते शव पर पड़ी। शव की पहचान दिनेश कुमार के रूप में होते ही परिजनों को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने दिनेश की हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।
