फोटो परिचय- मतदान केंद्र पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स, साथ में एसपी।
– नए मतदाताओं के पंजीकरण और विवरण संशोधन की प्रक्रिया परखी
– बीएलओ को पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल कराने की जिम्मेदारी सौंपी
– तीन विद्यालयों में पहुंचकर डीएम-एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और दर्ज विवरण में संशोधन की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए शनिवार को बूथ डे के अवसर पर जिला प्रशासन सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने पुलिस अधीक्षक के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय अस्ती, कंपोजिट विद्यालय आकूपुर अजगवां तथा प्राथमिक विद्यालय मलवां प्रथम में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए भरे जा रहे फॉर्म-6 और मतदाता सूची में दर्ज नाम, पते सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया की जानकारी ली।
डीएम ने बीएलओ को निर्देशित किया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए पात्र नागरिकों को जागरूक करें और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनके आवेदन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही न बरती जाए और कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए।
जनपद के सभी निर्धारित बूथों पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बीएलओ ने मतदाता सूची से संबंधित कार्य किया। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी प्रविष्टियों की जांच कर लें। नाम दर्ज न होने या किसी विवरण में त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराएं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
