– मिशन शक्ति टीम ने जगाया जागरूकता का अलख
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर पुलिस ने गुरुवार को जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) के तहत सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया। पुलिस टीमों ने उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और मुसीबत के समय तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए जागरूक किया।
अभियान के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को महिला अपराधों की रोकथाम, आत्मरक्षा तथा किसी भी तरह की छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा हिंसा की स्थिति में तत्काल शिकायत करने के संबंध में जानकारी दी। पुलिस टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चैपाल लगाकर लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही समस्याओं के त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया। जागरूकता कार्यक्रमों में पुलिस ने महिलाओं एवं आमजन को आपात स्थिति में इस्तेमाल किए जाने वाले महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्हें महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108 और बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताया गया। मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया। टीमों ने उन्हें किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
