CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत सोमवार को जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं को आत्मरक्षा के तरीकों के साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया। टीमों ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध से बचाव के लिए हेल्पलाइन 1930 और पोर्टल की जानकारी साझा की। पुलिस कर्मियों ने महिलाओं से बेझिझक शिकायत दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लें। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित चौपालों में लोगों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण का भरोसा भी दिलाया गया।
