फोटो परिचय- सुजानपुर में महिला उत्पीड़न के विरोध में लाठी लेकर प्रदर्शन करतीं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाएं।

– काली पट्टी बांधकर महिलाओं ने जताया आक्रोश, लाठियां पटककर उठाई आवाज

– लोकतांत्रिक अधिकारों और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। महिला उत्पीड़न, मौलिक अधिकारों के कथित उल्लंघन और वोट चोरी के आरोपों को लेकर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार को सुजानपुर स्थित संगठन कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में महिलाओं ने काली पट्टी बांधकर नारेबाजी की और लाठियां जमीन पर पटककर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई।

हेमलता पटेल ने कहा कि महिलाओं और आम नागरिकों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ मारपीट, उन्हें सड़कों पर घसीटने और आवाज उठाने वालों को हिरासत में लेने जैसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।

उन्होंने कहा कि महिला सम्मान, नागरिकों के मौलिक अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं की सुरक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष सरला सिंह के अलावा रेखा रानी, विमला, शहरून, सुमन, आरती, सरिता, निर्मला, रंजना, राजरानी, प्रियंका सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर की पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now