भैंस को चारा डालने को लेकर हुई थी कहासुनी, घर में अकेली थी 15 वर्षीय छात्रा

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। गाजीपुर थाना क्षेत्र के कुआंपार गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। मां की डांट से आहत कक्षा आठ की 15 वर्षीय किशोरी ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

कुआंपार निवासी फूलचंद निषाद की पुत्री सविता बुधवार को स्कूल से लौटने के बाद घर में खेल रही थी। इसी दौरान मां ने उसे भैंस को चारा डालने के लिए कहा। खेल में व्यस्त होने के कारण सविता ने तत्काल बात नहीं मानी, जिस पर मां ने उसे डांट दिया। बताया जा रहा है कि डांट से क्षुब्ध होकर किशोरी ने घर के अंदर फांसी लगा ली।

घटना के वक्त उसकी मां और बहन खेत में चारा लेने गई थीं, जबकि पिता और भाई परदेश में नौकरी करते हैं। शाम करीब पांच बजे मां और बहन के वापस लौटने पर घटना की जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई। सविता दो भाइयों और दो बहनों में एक थी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विनोद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now