फोटो परिचय-  बसपा सुप्रीमो के समर्थन में पोस्टर प्रदर्शित करते भारतीय मुस्लिम मंच के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. मुमताज आलम रिजवी व अन्य।

– भारतीय मुस्लिम मंच ने बसपा के पक्ष में शुरू किया जनसंपर्क अभियान

– 2027 में सत्ता परिवर्तन और मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में भारतीय मुस्लिम मंच ने बहुजन समाज पार्टी के समर्थन में अपनी मुहिम को गति देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा सुप्रीमो कुमारी मायावती के पक्ष में जनमत तैयार करने की पहल शुरू की है। मंच के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. मुमताज आलम रिजवी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा को सत्ता से बाहर करने की क्षमता केवल मायावती के नेतृत्व में ही दिखाई देती है।

जनपद आगमन पर जिला प्रभारी कारी वसीम के नेतृत्व में दानिश सिद्दीकी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। लखनऊ, प्रयागराज, हापुड़, बुलंदशहर और अलीगढ़ में अभियान चलाने के बाद डॉ. रिजवी कौशांबी पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को लेकर यह राजनीतिक धारणा बनाई गई है कि उसका झुकाव केवल समाजवादी पार्टी की ओर है, जबकि बसपा सरकार के कार्यकाल में भी अल्पसंख्यक समुदाय के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए थे।

डॉ. रिजवी ने मायावती सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि हज हाउस का निर्माण, अल्पसंख्यक आयोग और अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम की स्थापना, मुस्लिम छात्राओं को छात्रवृत्ति, 350 मदरसों का सरकारीकरण तथा सात हजार उर्दू शिक्षकों की भर्ती जैसे कार्य किए गए। इसके अलावा उर्दू अनुवादकों के रिक्त पदों पर भी नियुक्तियां कराई गई थीं।

प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के दावों के बीच बुलडोजर और बुलेट की राजनीति अधिक दिखाई दे रही है। कानून व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी उन्होंने असंतोष जताया।

उन्होंने कहा कि भारतीय मुस्लिम मंच का राजनीतिक अभियान वर्ष 2027 में कुमारी मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने और 2029 में उन्हें देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस मौके पर कारी वसीम, दानिश सिद्दीकी, गुलशेर अहमद, फिरोज सिद्दीकी उर्फ भाईजान, कयामुल हसन, मोहम्मद आसिफ एडवोकेट, रंजीत कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now