फोटो परिचय- प्रवीण सिंह को नगर अध्यक्ष बनाए जाने पर माला पहनाकर स्वागत करते प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह चौहान।
– हरिश्चंद्र मौर्य को नगर प्रभारी की जिम्मेदारी, 21 सदस्यीय कमेटी के गठन की तैयारी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। व्यापारियों को संगठित कर उनके हितों की आवाज को मजबूत मंच देने की कवायद के तहत जन उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने मुराव नगर में संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रविवार को आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रम में स्थानीय व्यापारियों की मौजूदगी के बीच नगर इकाई के पदाधिकारियों की घोषणा की गई। वरिष्ठ व्यापारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण सिंह उर्फ राहुल तोमर को सर्वसम्मति से नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह चौहान ने प्रवीण सिंह के नाम की घोषणा करते हुए उन्हें संगठन को नगर स्तर पर मजबूत करने की जिम्मेदारी दी। उन्होंने कहा कि नगर के अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़कर उनकी समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाने की दिशा में कार्य किया जाए। नगर अध्यक्ष बनाए जाने पर मौजूद व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने प्रवीण सिंह का माला पहनाकर स्वागत किया।
इसी क्रम में व्यापारी हितों के लिए सक्रिय रहने वाले हरिश्चंद्र मौर्य को नगर प्रभारी नियुक्त किया गया। उन्हें नगर इकाई के विस्तार, व्यापारियों से संपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों में समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और व्यापारियों को एकजुट करने का भरोसा दिलाया।
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि मुराव नगर में जल्द ही 21 सदस्यीय नगर कमेटी का गठन किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय व्यापारियों से संपर्क कर सक्रिय एवं जिम्मेदार लोगों को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी। नगर इकाई के गठन की घोषणा के बाद व्यापारियों में उत्साह दिखाई दिया। कई व्यापारियों ने संगठन से जुड़कर व्यापारिक समस्याओं को सामूहिक रूप से प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष उठाने की बात कही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह चौहान ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन का मजबूत और सक्रिय होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल का उद्देश्य व्यापारियों को एकजुट कर उन्हें ऐसा साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां उनके हितों और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया जा सके। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से नियमित रूप से व्यापारियों के संपर्क में रहने और संगठन का विस्तार करने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री अजय मौर्य ने कहा कि व्यापारी वर्ग के सम्मान, अधिकार और हितों से जुड़े विषयों को संगठन प्राथमिकता के साथ उठाएगा। उन्होंने कहा कि नगर कमेटी का गठन होने के बाद संगठन की गतिविधियों को और गति मिलेगी। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर व्यापारी समाज को एकजुट करने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू हयारण, प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक रायजादा, प्रदेश सचिव अंगद सिंह चंदेल, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय सेंगर, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह प्रधान धमिना, जिला उपाध्यक्ष नीरज सिंह, हसवा नगर प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, अनिल अग्निहोत्री सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
