फोटो परिचय- फतेहपुर में यातायात जागरूकता गोष्ठी एवं सम्मान समारोह में उपस्थित अतिथि और समिति के पदाधिकारी।
जिला अपराध निरोधक समिति की गोष्ठी में सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर जोर
नए पदाधिकारियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला अपराध निरोधक समिति की ओर से शहर के लाल बहादुर शास्त्री बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता गोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने यातायात नियमों का पालन करने, सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में जनसहयोग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान समिति के नए पदाधिकारियों सहित बेहतर कार्य करने वाले सदस्यों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट न्याय मंत्री राधेश्याम गुप्ता, यातायात प्रभारी केसरी प्रसाद यादव और मुराइनटोला चौकी प्रभारी उत्कर्ष कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए राधेश्याम गुप्ता ने कहा कि समाज में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लोगों को जागरूक करना आवश्यक है। जब नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग होंगे, तभी सुरक्षित और जिम्मेदार समाज की स्थापना संभव हो सकेगी।
यातायात प्रभारी केसरी प्रसाद यादव ने सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं और आपराधिक गतिविधियों को रोकने में मदद मिल सकती है। इसके लिए पुलिस, प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
समिति के सचिव एवं जेल पर्यवेक्षक बिपिन बिहारी शरण ने समिति की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिला अपराध निरोधक समिति पुलिस-प्रशासन और आम नागरिकों के बीच समन्वय स्थापित करने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सहयोग से जनजागरूकता बढ़ाने और अपराध नियंत्रण के प्रयासों को मजबूती दी जा सकती है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों के प्रति आभार भी जताया।
कार्यक्रम के दौरान यातायात जागरूकता हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। गोष्ठी का संचालन अधिवक्ता अरुण जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर समिति के संयोजक जयप्रकाश सिद्धराज, व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजेश सोनी, फरहत अली सिद्दीकी, शेर आलम, विनोद गुप्ता, शैलेंद्र शरण सिम्पल, कैलाश चंद पुरवार, लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, जितेंद्र त्रिवेदी, बृजेंद्र सिंह, सुधीर शिवहरे, अभिषेक सैनी, अनुराग मिश्रा, आशीष मिश्रा, गोलू पुरवार, राधेश्याम हयारण, दिनेश विश्वकर्मा, रामधनी सिंह, मोहम्मद आसिफ, धर्मेंद्र गुप्ता, दिवाकर जायसवाल, बालमुकुंद शिवहरे, रामस्वरूप गुप्ता, वीरेंद्र साहू, गौरव गुप्ता, वेद प्रकाश गुप्ता, रमेश विद्यार्थी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमिताभ बिहारी शरण भी उपस्थित रहे।
