फोटो परिचय-  पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

– सड़क पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश, नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा

– जाम और अव्यवस्था से निजात दिलाने को अधिकारियों को सौंपा जिम्मेदारी का टास्क

REPORT- MOHSIN KHAN

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। शहर की सड़कों से लेकर कस्बों के प्रमुख मार्गों तक यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। बुधवार को पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने यातायात विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर जमीनी स्थिति की समीक्षा की। एसपी ने दो टूक कहा कि यातायात व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में जाम की स्थिति, यातायात संचालन, नियमों का पालन और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की सक्रियता समेत कई बिंदुओं पर मंथन हुआ। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि व्यस्त चौराहों और मार्गों पर पुलिसकर्मी केवल मौजूद ही न रहें, बल्कि यातायात को व्यवस्थित कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि सड़क पर अनावश्यक जाम की स्थिति पैदा न हो और लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन मिल सके, इसके लिए लगातार निगरानी जरूरी है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ आम लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी। यातायात संचालन में तत्परता, अनुशासन और बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रमुख स्थानों पर यातायात व्यवस्था को लेकर नियमित निगरानी बनाए रखने को कहा गया।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी यातायात समेत यातायात विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now