लोहे की रॉड, बेल्ट व तीन मोबाइल बरामद, पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को दबोचा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। कल्यानपुर थाना क्षेत्र में युवक को बहाने से सुनसान स्थान पर ले जाकर लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और बेल्ट से बेरहमी से पीटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से मारपीट में प्रयुक्त लोहे की रॉड और बेल्ट के साथ तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार उमरेड़ी बड़ौरी गांव निवासी विक्रम उर्फ बीनू ने 11 सितंबर को कल्यानपुर थाने में तहरीर दी थी। बताया कि 10 सितंबर की शाम करीब सात बजे वह मुरादीपुर चौराहे स्थित अन्ना की दुकान पर अपनी मोटरसाइकिल ठीक करा रहा था। इसी दौरान उसका साथी रोहित पटेल भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि तभी हरदौली गांव निवासी नागेश पटेल अपने भतीजे मेघावत पटेल के साथ बोलेरो से वहां पहुंचा और दोनों को घूमने के बहाने वाहन में बैठा लिया।
आरोप है कि दोनों को जयराम नगर स्थित एक सुनसान स्थान पर बनी मड़ही में ले जाया गया। वहां पहले से मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर विक्रम को वाहन से नीचे उतार लिया गया और लोहे की रॉड, लाठी-डंडों तथा बेल्ट से उसकी जमकर पिटाई की गई। हमले में विक्रम के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान नागेश पटेल पुत्र भीखम पटेल, मेघावत पटेल पुत्र स्व. विश्वरूप पटेल निवासीगण हरदौली थाना बिंदकी तथा रवि चौहान पुत्र कल्लू चौहान निवासी डाक बंगला चौराहा, जीटी रोड थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड और एक बेल्ट बरामद की है। इसके अलावा जामा तलाशी में तीन मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार, अजीत सिंह, रिजर्व कांस्टेबल अंकित दुबे, हर्ष मिश्रा, शिवप्रकाश पाल और साहिल मौर्य शामिल रहे।
