घटनास्थल पर मौजूद पुलिस व ग्रामीणों की भीड़।

एसडीआरएफ ने सघन तलाशी अभियान चलाकर बरामद किया शव, परिजनों में मचा कोहराम

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। खखरेरू थाना क्षेत्र के बैरी गांव में जन्माष्टमी के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान ससुर खदेरी नदी में डूबे युवक का शव करीब 24 घंटे बाद एसडीआरएफ टीम ने बरामद कर लिया। शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। वहीं घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बैरी गांव निवासी मनीष कश्यप (35) शुक्रवार को गांव के लोगों के साथ ट्रैक्टर से मूर्ति विसर्जन के लिए ससुर खदेरी नदी पहुंचे थे। मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मनीष नदी में नहाने लगे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। मनीष को नदी में डूबता देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही खखरेरू पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों तथा क्षेत्रीय गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक नदी में खोजबीन चलती रही, लेकिन देर रात तक मनीष का कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा।

शनिवार को प्रशासन के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। टीम ने नदी के संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन की। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ टीम को मनीष कश्यप का शव नदी से बरामद करने में सफलता मिली।

शव बरामद होते ही मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। खखरेरू थाना प्रभारी सतपाल सिंह और चौकी प्रभारी प्रशांत मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now