कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विधायक विक्रम सिंह, डीएम निधि गुप्ता वत्स व अन्य।
वस्त्र भत्ता दोगुना, पांच लाख तक कैशलेस इलाज और दो लाख की सामाजिक सुरक्षा की घोषणा
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने रसोइयों का मासिक मानदेय 2000 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये करने की घोषणा की है। इसके साथ ही वार्षिक वस्त्र-परिधान भत्ता भी 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने रसोइयों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा किसी अनहोनी की स्थिति में उनके परिवार को दो लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा गारंटी देने की भी घोषणा की। घोषणाओं के बाद रसोइयों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमतीनगर में आयोजित मुख्य रसोइया सम्मान समारोह का लाइव प्रसारण जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में किया गया। विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में रसोइयों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित हुए।
सदर विधानसभा क्षेत्र में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में पूर्व सदर विधायक भाजपा विक्रम सिंह, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्य की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ। अयाह शाह में विधायक विकास गुप्ता, जहानाबाद में विधायक राजेंद्र पटेल और बिंदकी में विधायक जयकुमार सिंह जैकी की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
खागा विधानसभा क्षेत्र में ब्लाक प्रमुख विकास पासवान समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह सहित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं की जानकारी मिलते ही कार्यक्रम स्थलों पर मौजूद रसोइयों ने तालियां बजाकर खुशी जताई और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विकासखंडों से आए रसोइये बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
