– बिना नंबर प्लेट और कागजात के फर्राटा भर रहे खनिज लदे वाहन, राजस्व को चपत लगने की आशंका
– यमुना पुल से लेकर ग्रामीण मार्गों तक भारी वाहनों का दबाव, जिम्मेदार विभागों की निगरानी पर उठे सवाल
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। जिले में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन रोकने के लिए प्रशासन की ओर से की जा रही सख्ती के दावों के बीच खनिज लदे वाहनों का बेखौफ संचालन चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिन में अपेक्षाकृत कम नजर आने वाले ओवरलोड वाहन रात होते ही सड़कों पर बड़ी संख्या में दिखाई देने लगते हैं। इनमें कई वाहन ऐसे भी बताए जा रहे हैं, जिन पर नंबर प्लेट तक नहीं होती और न ही परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मौजूद रहते हैं।
जानकारी के मुताबिक बांदा जनपद के विभिन्न मोरंग खनन क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन रामनगर-कौहन स्थित यमुना पुल पार कर फतेहपुर की सीमा में प्रवेश करते हैं। यहां से असोथर, गाजीपुर, बौहा, थरियांव, विजयीपुर, धाता और खागा समेत कई इलाकों के रास्तों से खनिज की ढुलाई की जाती है। आरोप है कि निर्धारित मानकों से अधिक मोरंग लादकर चलने वाले वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिखाई दे रहा है।
ओवरलोड वाहनों के लगातार आवागमन से सड़कों की हालत बिगड़ने के साथ यमुना पुल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। वहीं बिना नंबर प्लेट और जर्जर हालत में चल रहे वाहनों से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। इससे परिवहन नियमों के पालन और खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले को लेकर किशनपुर, विजयीपुर, खागा, असोथर, थरियांव, ललौली और राधानगर थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों के कथित कारखासों पर बैरियर लगाकर वाहनों से इंट्री फीस वसूलने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया है। ऐसे में इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जरूरत महसूस की जा रही है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर ओवरलोडिंग और अवैध खनिज परिवहन रोकने के लिए टास्क फोर्स गठित होने के बावजूद यदि रात के समय नियमों को ताक पर रखकर वाहन संचालित हो रहे हैं तो यह निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर बड़ा सवाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात के समय विशेष अभियान चलाने, वाहनों के प्रपत्रों और ओवरलोडिंग की जांच कराने तथा अवैध वसूली के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
