पहाड़पुर के धान के खेत में मिला अजगर, रेस्क्यू में जुटी वन विभाग की टीम
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। किशनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में शनिवार को धान के खेत में विशालकाय अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों का दावा है कि अजगर ने नीलगाय के एक बच्चे को निगल लिया। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीण खेत की ओर जाने से बचने लगे।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अजगर को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम उसे सावधानीपूर्वक पकड़कर आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाने के प्रयास में जुटी है।
विशाल अजगर मिलने की घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द रेस्क्यू पूरा करने की मांग की है, ताकि खेतों में काम करने वाले लोगों और आसपास के ग्रामीणों को किसी तरह का खतरा न रहे।
