एसडीएम को ज्ञापन सौंपते आरएएम के पदाधिकारी।
– राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने गोरखपुर जनपद में स्व0 शिवकुमार तिवारी की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में निष्पक्ष एवं समयबद्ध न्यायिक जांच कराए जाने की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि गोरखपुर जनपद में स्व0 शिवकुमार तिवारी की दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना से आमजन में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई है। संगठन ने मांग की कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से कराते हुए हत्या में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने पीड़ित परिवार को राज्य सरकार की ओर से उचित एवं पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की। इसके अलावा परिवार के एक पात्र सदस्य को नियमानुसार सरकारी नौकरी अथवा सरकारी रोजगार सहायता देने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार के दबाव, धमकी या भय का माहौल उत्पन्न न होने देने की मांग की गई। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि जांच के दौरान पुलिस अथवा प्रशासनिक स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि शिवकुमार तिवारी के परिवार को न्याय दिलाना केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि समाज में कानून के प्रति विश्वास और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। संगठन ने शासन-प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष राम प्रकाश बाजपेई, जिला महामंत्री ठाकुर अरविंद सिंह के अलावा महिला जिलाध्यक्ष सपना सिंह, आरती, सुधा, रामा देवी, चन्द्रवती, इन्द्रेश तिवारी, कुन्देन्दु प्रसाद मिश्र, दिनेश सिंह, संजय सिंह, सर्वेश कुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now