फोटो परिचय- युवा संवाद कार्यक्रम में विचार व्यक्त करतीं पिछड़ा वर्ग आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति।
– साध्वी निरंजन ज्योति ने युवाओं से संवैधानिक आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान
– लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को बताया अहम

CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। युवाओं को भारतीय संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिक दायित्वों से परिचित कराने के उद्देश्य से ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय में संविधान गौरव दिवस पर युवा संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पिछड़ा वर्ग आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने युवाओं को संविधान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मजबूती की बुनियाद संविधान में निहित है।
साध्वी निरंजन ज्योति ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान प्रत्येक भारतीय को समानता, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। यह महज अधिकारों का संकलन नहीं, बल्कि देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान सभा के सदस्यों ने ऐसे राष्ट्र की परिकल्पना की थी, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो और सभी को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले। उन्होंने युवाओं से संविधान का नियमित अध्ययन करने तथा उसके आदर्शों को व्यवहार में उतारने की अपील की। कहा कि देश का भविष्य युवाओं के विचार, आचरण और सहभागिता पर निर्भर करता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि संवैधानिक अधिकारों की जानकारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जागरूक युवा ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती देने के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार कर सकते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने संविधान को देश की लोकतांत्रिक विरासत और राष्ट्रीय एकता का मजबूत आधार बताते हुए कहा कि इसने सभी नागरिकों को समान अवसर उपलब्ध कराए हैं।
कार्यक्रम की संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष अपर्णा सिंह गौतम ने कहा कि संविधान गौरव दिवस नई पीढ़ी को संविधान के सिद्धांतों और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस दौरान क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य सुधा मौर्य, जिला महामंत्री पंकज त्रिवेदी, पुष्पराज पटेल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनिधि तिवारी, सुरेंद्र मौर्य, बृजेश द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में युवा और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अपर्णा सिंह गौतम ने किया।




