फोटो परिचय-  सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते एडीएम विनय कुमार पाण्डेय।

– 30 नवंबर तक जिलेभर में चलेगा विशेष अभियान, वाहन चालकों को बताए जाएंगे सुरक्षित सफर के तरीके

– हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल के साथ यातायात नियमों के पालन पर रहेगा विशेष जोर

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। सड़क हादसों में कमी लाने और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान की शुरुआत की है। सोमवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनय कुमार पाण्डेय ने जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

16 से 30 नवंबर तक चलने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़े के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को यातायात के नियमों और सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जाएगी। प्रचार वाहन के जरिए वाहन चालकों, राहगीरों और आम नागरिकों को सुरक्षित सफर का संदेश पहुंचाया जाएगा।

इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह यातायात नियमों की अनदेखी और वाहन चलाते समय लापरवाही है। थोड़ी सी सावधानी कई अनमोल जिंदगियों को बचा सकती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की अपील की गई। अधिकारियों ने लोगों से खुद नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में एआरटीओ प्रशासन एवं प्रवर्तन संतोष कुमार सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय दल प्रतीक मिश्र, क्षेत्राधिकारी यातायात बृजमोहन राय, यात्रीकर अधिकारी रामसागर, संभागीय निरीक्षक प्राविधिक कृष्णचन्द्र सिंह सहित परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now