फोटो परिचय- हादसे में जान गंवाने वाले दंपती की फाइल फोटो।

– तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे पति-पत्नी को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला

– दो बेटों के सिर से छिना माता-पिता का साया, हादसे के बाद गांव में पसरा मातम

– दुर्घटना के बाद ट्रक चालक पुलिस की गिरफ्त में

अजहर उद्दीन

सिटी न्यूज फतेहपुर

फतेहपुर(CNF)। रिश्तेदारी में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने निकले दंपती को रास्ते में मौत ने घेर लिया। शाह कस्बे के समीप तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े और भारी वाहन की चपेट में आकर दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक साथ दो जिंदगियां खत्म होने से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे ने दो बेटों को हमेशा के लिए माता-पिता के साये से महरूम कर दिया।

मलवां थाना क्षेत्र के धर्मपुर मजरे तारापुर निवासी मुरली मनोहर चौहान (50) शनिवार शाम करीब छह बजे पत्नी हीरावती के साथ बाइक से महमदपुर गांव में आयोजित तिलक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। दंपती बांदा-टाटा मार्ग पर शाह कस्बे के नजदीक पहुंचे थे, तभी पीछे से तेज गति में आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे और ट्रक के नीचे आ गए। गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण पति-पत्नी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी सौरभ पांडेय के मुताबिक दुर्घटना के बाद ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उधर, एक ही हादसे में माता-पिता को खोने वाले पुत्र सनी सिंह और राहुल सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में जिस मांगलिक आयोजन को लेकर उत्साह था, वहां इस हृदयविदारक घटना की सूचना पहुंचते ही सन्नाटा छा गया। धर्मपुर गांव में भी दंपती की असामयिक मौत से शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now