एसपी को ज्ञापन देने के लिए पुलिस कार्यालय में खड़े सर्राफा व्यापारी।
– पुराने गिरवी लेनदेन के विवादों में बिना जांच एफआईआर व दबावपूर्ण कार्रवाई पर जताई नाराजगी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। फतेहपुर सर्राफा एसोसिएशन के बैनर तले जनपद के सर्राफा व्यापारियों ने आभूषण व्यवसाय में गिरवी रखे गए सामान से जुड़े पुराने विवादों को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कुलदीप रस्तोगी उर्फ पप्पन ने पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपकर स्पष्ट एवं बाध्यकारी दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि सोने-चांदी की कीमतों में लगातार वृद्धि के चलते वर्षों पुराने और निष्क्रिय पड़े गिरवी लेनदेन अब दोबारा विवाद का कारण बन रहे हैं। कई मामलों में 10 से 30 साल पुराने मामलों को बिना ठोस साक्ष्यों के उठाया जा रहा है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक, कानूनी और प्रतिष्ठागत नुकसान झेलना पड़ रहा है। एसोसिएशन का कहना है कि अधिकांश विवाद दीवानी प्रकृति के होते हैं, जिनमें पुलिस द्वारा सीधे हस्तक्षेप या एफआईआर दर्ज करना विधिसम्मत नहीं है। आरोप लगाया गया कि कई मामलों में बिना प्रारंभिक जांच, बिना दस्तावेजों के परीक्षण और बिना व्यापारियों का पक्ष सुने ही कार्रवाई की जा रही है। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस कई बार बिना पूर्व सूचना के दुकानों पर पहुंचकर दबावपूर्ण एवं असभ्य व्यवहार करती है, जिससे व्यापारिक माहौल प्रभावित होता है। उन्होंने इसे न केवल अनुचित बल्कि व्यापारिक गरिमा के खिलाफ बताया। ज्ञापन में पुलिस अधीक्षक से मांग की गई कि दीवानी प्रकृति के मामलों में कार्रवाई से पहले अनिवार्य प्रारंभिक जांच की जाए। दोनों पक्षों को सुनने और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही कोई कदम उठाया जाए। केवल स्पष्ट आपराधिक मामलों में ही एफआईआर दर्ज हो। बिना नोटिस व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर दबावपूर्ण कार्रवाई पर रोक लगे। पुलिस कर्मियों को सभ्य और संयमित व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं। जिलाध्यक्ष कुलदीप रस्तोगी ने कहा कि सर्राफा व्यापारी राज्य के प्रमुख करदाताओं में शामिल हैं, ऐसे में उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन जल्द ही इस विषय पर ठोस कदम उठाएगा, जिससे व्यापारियों को अनावश्यक उत्पीड़न से राहत मिल सके। इस मौके पर बृजेश सोनी, धर्मेन्द्र गुप्ता, मोनू रस्तोगी, उमेश सोनी, रज्जन गुप्ता, सोनू गुप्ता, अमित रस्तोगी, प्रदीप रस्तोगी, मनोज, तुषार रस्तोगी, याोगेश चन्द्र रस्तोगी, सज्जन कुमार सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now