तिरंगा यात्रा निकालते सर्वोदय इंटर कालेज के छात्र।
– भारत माता के जयघोष से गूंजा असोथर
CITY NEWS FATEHPUR
असोथर, फतेहपुर(CNF)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सर्वाेदय इंटर कॉलेज असोथर में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ सहभागिता की। विद्यालय का समस्त स्टाफ भी यात्रा में शामिल रहा।
हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए विद्यार्थी जब सड़कों पर निकले तो पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। छात्र-छात्राओं ने भारत माता की जय और इंकलाब जिंदाबाद जैसे जोशीले नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सर्वाेदय इंटर कॉलेज परिसर से हुआ। इसके बाद यात्रा असोथर नगर पंचायत के मुस्लिम मोहल्ले से होते हुए दर्जिन मोहल्ला पहुंची और नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः सर्वाेदय इंटर कॉलेज परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस कर्मी पूरे मार्ग पर मुस्तैद रहे और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही रैली को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय परिसर में वापस पहुंचने के बाद तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का संदेश दिया।
