फोटो परिचय- 100वां रक्तदान करने पर आचार्य महेश सिंह चौहान को सम्मानित करते मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर के पदाधिकारी।
– मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर ने प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित
– आचार्य महेश सिंह चौहान ने किया 100वां रक्तदान, सेवा भाव को किया समर्पित
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद के गौरवशाली 200वें स्थापना दिवस को एक प्रेरणादायी सामाजिक पहल के साथ यादगार बनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्या मंदिर के आचार्य महेश सिंह चौहान ने अपना 100वां रक्तदान कर सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदना का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका यह महत्वपूर्ण रक्तदान मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर में संपन्न हुआ।
रक्तदान के इस शतकीय पड़ाव पर मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर के डॉ. कैलाश पटेल ने आचार्य महेश सिंह चौहान को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान के क्षेत्र में 100 बार योगदान देना असाधारण उपलब्धि है। ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और उनके प्रयासों से दूसरों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलती है।
इस मौके पर आचार्य महेश सिंह चौहान ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर मानव सेवा का दूसरा कोई उदाहरण नहीं हो सकता। हमारा थोड़ा सा प्रयास किसी जरूरतमंद के परिवार में खुशियां लौटा सकता है। उन्होंने संकल्प जताया कि जब तक उनका शरीर स्वस्थ और सक्षम रहेगा, तब तक वह इस पुनीत कार्य में अपना योगदान देते रहेंगे।
कार्यक्रम में सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के गुरमीत सिंह एवं शोभित सिंह के अलावा मानस चैरिटेबल ब्लड सेंटर के डॉ. कैलाश पटेल, प्रभारी अमन यादव, लैब टेक्नीशियन अनामिका पाल और लैब सहायक प्रीति मौजूद रहीं।
फतेहपुर के स्थापना दिवस पर रक्तदान का शतक लगाकर आचार्य महेश सिंह चौहान ने यह संदेश दिया कि किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने से बड़ा कोई उपहार नहीं है।
