अभिनेता एवं पहलवान सौरव गुर्जर को कथित तौर पर विवाह का झांसा देकर 29 वर्षीय महिला का यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। महिला ने अगस्त में गाचीबोवली थाने में दर्ज कराई गई एक शिकायत में आरोप लगाया था कि वह पांच साल से अधिक समय से सौरव के साथ रिश्ते में थी।

महिला ने अपनी शिकायत में दावा किया था कि सौरव ने उससे विवाह करने का वादा किया था, लेकिन बाद में ‘‘धोखा दिया और शारीरिक एवं यौन उत्पीड़न किया।’’ पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर सौरव के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया और उसे 18 सितंबर को मुंबई हवाई अड्डे पर हिरासत में लेकर हैदराबाद लाया गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘उसे गिरफ्तार करके यहां एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।’’ अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसके साथ अमेरिका और भारत में अलग-अलग स्थानों पर रहा और इस दौरान उसके भविष्य एवं विवाह को लेकर उसे आश्वासन देता रहा। अधिकारी के अनुसार महिला ने बताया कि जब आरोपी अमेरिका में था, तब उसने उससे कहा था कि दोनों को भारत में बसकर अपने कारोबार में साथ काम करना चाहिए।

अधिकारी के अनुसार महिला ने बताया कि उस पर भरोसा करते हुए उसने अमेरिका में अपनी नौकरी छोड़ दी और उसके साथ रहने के इरादे से अलग-अलग स्थानों पर गई। अधिकारी के अनुसार महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी के व्यवहार के कारण उसे मानसिक उत्पीड़न, भावनात्मक परेशानी और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। अधिकारी के अनुसार महिला ने बताया कि आरोपी अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक फिर उसके साथ रहा, जिसके बाद आरोपी ने उससे संपर्क करना बंद कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now