उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक पुरानी कहावत है। बड़ी पार्टी सरकार बनाती हैं, लेकिन छोटी पार्टी सरकार बनवाती हैं। जब चुनाव पास आता है तो यह छोटी पार्टियां अपनी असली ताकत दिखाने लगती हैं। कभी गले लगाती हैं, कभी दूरी बनाती हैं, कभी विपक्ष में लड़ाई करवाती हैं। लेकिन जैसे ही सत्ता का दरवाजा खुलता है, मलाई का हिस्सा मांगने लग जाती हैं। ओम प्रकाश राजभर कभी बीजेपी के साथ थे, फिर समाजवादी पार्टी के साथ गए और फिर वापस एनडीए में आ गए। संजय निषाद आज बीजेपी सरकार में मंत्री हैं। लेकिन उनकी जुबान से चेतावनी निकल रही है। अगर हमारी मांग नहीं मानी गई तो दूसरा दरवाजा देखेंगे। तो सवाल यह नहीं कि यह नेता किस पार्टी में हैं? असली सवाल यह है यह नेता किस समाज के वोट ले जा सकते हैं और किस पार्टी को सत्ता के करीब ला सकते हैं। राजभर, निषाद, कुर्मी और पूर्वांचल का वो गणित जो हर चुनाव से पहले यूपी की सियासत हिला देता है। सुभाषपा के मुखिया ओम प्रकाश राजभर को यूपी की राजनीति का सबसे बड़ा मौसम वैज्ञानिक कहा जाए तो गलत नहीं होगा। उनकी राजनीतिक टाइमलाइन किसी रोलर कोस्टर से कम नहीं है। 2017 में बीजेपी के साथ गठबंधन किया। गाजीपुर की जहूराबाद सीट से जीते और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री बन गए। 2019 में सीटों के बंटवारे और दूसरे राजनीतिक मुद्दों पर मतभेद के बाद योगी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। 2022 के विधानसभा चुनाव में राजभर ने समाजवादी पार्टी से हाथ मिला लिया। चुनाव के कुछ समय बाद ही सपा ने उनका मोह भंग हो गया। 2023 में वे दोबारा पाला बदलकर बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में शामिल हो गए और 2024 में एक बार फिर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री बन गए। राजभर का फार्मूला क्लियर है। जब विपक्ष में रहो तो इतनी जोर से हमला करो कि सत्ता पक्ष आपको चुप कराने के लिए लाल बत्ती यानी मंत्री पद देने के लिए मजबूर हो जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now