– निरंतर पुनरीक्षण-2026 में नए मतदाताओं समेत छूटे नामों को शामिल करने पर जोर

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। मतदाता सूची को अद्यतन और अधिक समावेशी बनाने के लिए जिले में निरंतर पुनरीक्षण-2026 के तहत अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचने और नाम दर्ज न होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए पहली बार मतदान के अधिकार के पात्र युवाओं के साथ ही सूची से वंचित नागरिकों के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान में महिलाओं, दिव्यांगजनों और बेघर मतदाताओं को भी प्राथमिकता के साथ सूची में शामिल कराया जाएगा।

डीएम के अनुसार मतदाता पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए महिला कल्याण, उच्च एवं माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, ग्राम्य विकास तथा युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जा रहा है।

पात्र नागरिक अपने मतदान केंद्र पर पदाभिहित अधिकारी अथवा बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक फार्म प्राप्त कर सकते हैं। तहसील कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय से भी आवेदन फार्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं मोबाइल एप के जरिए फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 भी जमा किए जा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जरूर जांच लें। नाम नहीं होने या किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर समय रहते संबंधित फार्म के माध्यम से आवेदन कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now