पंप हाउस निर्माण के शुभारंभ पर सभासदों का स्वागत करते लोग।
– तीस हजार आबादी को मिलेगा शुद्ध पेयजल का लाभ
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। नगर क्षेत्र के आवास विकास वार्ड नंबर-2 स्थित अबूनगर पुलिस चैकी परिसर में रविवार को नए पंप हाउस निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। करीब पैंतीस लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस पंप हाउस के निर्माण से तीन वार्डों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। परियोजना से लगभग तीस हजार की आबादी सीधे लाभान्वित होगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सभासद दीपक कुमार मौर्य, विनय तिवारी, श्याम सिंह परिहार, दीपक गौतम, विवेक नागर, नफीस अहमद उर्फ मुन्नी लाला, आशुतोष सिंह कछवाह आशु, गुड्डू यादव, रामसुचित, संजय श्रीवास्तव, विनय सोनी के अलावा पप्पू व्यापी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में वार्डवासियों ने भी सहभागिता कर खुशी जाहिर की। सभासद दीपक कुमार मौर्य ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ था, जिससे हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। लगातार प्रयासों और नगर पालिका बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिली और अब इसका निर्माण कार्य शुरू हो रहा है। उन्होंने बताया कि पंप हाउस के निर्माण के बाद तीन वार्डों के निवासियों को नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। यह परियोजना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। सभासद ने इस जनहितकारी योजना को स्वीकृति दिलाने एवं क्रियान्वयन में सहयोग के लिए नगर पालिका परिषद के चेयरमैन राजकुमार मौर्य, अधिशासी अधिकारी रविन्द्र कुमार व सभी सभासद साथियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now