पुलिस टीम की गिरफ्त में शराब तस्कर।
CITY NEWS FATEHPUR
विजयीपुर, फतेहपुर(CNF)। जनपद भर में अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली। प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को तीन पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार चंद्रापुर-बहदगांव रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से तीन पेटी में कुल 72 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम अंकित सिंह पुत्र मंगल सिंह, निवासी दसईपुर मजरा गढ़ा, थाना किशनपुर, जनपद फतेहपुर बताया। बरामद शराब के संबंध में कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया। इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री, तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह, उपनिरीक्षक घनश्याम तथा कांस्टेबल अनुज राजपूत शामिल रहे।
