– हिंदी की मान्यता पर इंग्लिश मीडियम की पढ़ाई, मोटी फीस की वसूली
– एक भी प्रशिक्षित शिक्षक नहीं, बीईओ ने दिए जांच के आदेश

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। शिक्षा विभाग के नियमों की अनदेखी कर क्षेत्र के रायपुर भसरौल के ठाकुरन डेरा गांव में संचालित एक स्कूल में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। मा. शिवरानी विद्या मंदिर के नाम से हिंदी मीडियम की मान्यता प्राप्त है, लेकिन विद्यालय के एम एस कान्वेंट के नाम से संचालित किया जा रहा है। हिंदी की मान्यता पर इंग्लिश मीडियम चलाकर अभिभावकों से मोटी फीस वसूली जा रही है। जांच में सामने आया कि विद्यालय में एक भी प्रशिक्षित शिक्षक नहीं है। सभी अनट्रेंड शिक्षकों के सहारे सैकड़ों बच्चों का भविष्य दांव पर लगा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि संचालक अभिभावकों को गुमराह कर इंग्लिश मीडियम बताकर प्रवेश दे रहा है। प्रवेश के नाम पर अभिभावकों से मोटी रकम वसूली जाती है और मासिक शुल्क 200 से 400 रुपये वसूला जा रहा है जबकि विभागीय अभिलेखों में यह विद्यालय हिंदी माध्यम का है। स्थानीय लोगों ने बताया कि विद्यालय सुबह 8 बजे खुल जाता है, लेकिन शिक्षक 10 बजे तक नहीं आते। छात्रों की माने तो कई बार ऐसा हुआ पूरा दिन कक्षाएं नहीं लगतीं। बच्चों को एक ही कमरे में बैठा दिया जाता है। एक अभिभावक ने बताया कि अच्छे स्कूल और अंग्रेजी शिक्षा के नाम पर फीस जमा की थी। अब पता चला यहां न मान्यता सही है और न शिक्षक। हमारे साथ धोखा हुआ है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी रजनीश श्रीवास्तव ने कहा कि मान्यता किसी और नाम से और स्कूल किसी और नाम से चलाना गंभीर अपराध है। अनट्रेंड शिक्षकों से विद्यालय संचालन और हिंदी की मान्यता पर इंग्लिश मीडियम पढ़ाना नियम विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर विद्यालय की मान्यता निरस्त कर सील करने के साथ रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से ऐसे विद्यालयों को तत्काल बंद कर बच्चों का समायोजन पास के सरकारी विद्यालय में कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now