फोटो परिचय- मुठभेड़ में घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाती पुलिस टीम।
– अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज, आखिरी बार मृतका के साथ नजर आया था आरोपी
– रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने घेरा तो की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। औंग थाना क्षेत्र में महिला की हत्या कर शव जंगल की झाड़ियों में फेंकने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के खुलासे के लिए गठित एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मुख्य संदिग्ध परसू निषाद को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, 16/17 नवंबर की रात औंग रेलवे स्टेशन के समीप खदरा रोड पर आरोपी की घेराबंदी की गई थी। इसी दौरान उसने पुलिस टीम को निशाना बनाकर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा 700 रुपये नकद बरामद हुए। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि औंग क्षेत्र में महिला का शव मिलने के बाद परिजनों की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया। जांच के दौरान एक अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में परसू निषाद महिला के साथ दिखाई दिया। इसके अलावा स्थानीय लोगों ने भी 13 नवंबर को दोनों को एक साथ देखने की पुष्टि की थी। इसके बाद महिला के लापता होने की जानकारी सामने आने पर पुलिस का शक आरोपी पर गहरा गया।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना पर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी की गई, जहां मुठभेड़ के बाद उसे पकड़ लिया गया।
हत्या की वजह तलाशने में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपी से महिला की हत्या के पीछे की वजह और वारदात को अंजाम देने के तरीके के संबंध में पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है, जिससे घटना से जुड़े अहम पहलुओं की पुष्टि हो सके। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में औंग थाने में मुकदमा संख्या 111/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में कार्रवाई की जा रही है।
