– गांव आकर खानापूर्ति कर लौट जाते विभागीय कर्मचारी
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। विजयीपुर ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत थुरियानी गांव व थुरियानी चैराहे के आसपास बिजली विभाग की लापरवाही ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। यहां से गुजर रही 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के तार इस कदर ढीले होकर लटक गए हैं कि वे अब सीधे मकानों की छतों और राहगीरों के सिर के ऊपर से गुजर रहे हैं। थोड़ी भी तेज हवा चलने पर ये तार आपस में टकराते हैं और आसमान में आतिशबाजी जैसी तेज चिंगारियां निकलने लगती हैं। तारों के टकराने से होने वाली भयानक आवाज और चिंगारियों को देखकर दिन में भी लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। गांव के लोगों का कहना है कि न जाने कब कोई तार टूटकर नीचे गिरे और कोई अनहोनी हो जाए।
यह समस्या आज की नहीं है, पिछले कई महीनों से थुरियानी गांव के निवासी इस जानलेवा खतरे को झेल रहे हैं। स्थानीय निवासी बल्ला निषाद, रमन निषाद, शत्रुघ्न निषाद, जसवंत निषाद, कल्लू निषाद, मिल्लू निषाद, प्रेम निषाद, अर्जुन निषाद, मनोज कुमार और सुक्खू निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाइनमैन से लेकर जेई और एसडीओ तक कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें की हैं। हर बार विभाग के अधिकारियों ने सिर्फ जांच का आश्वासन दिया लेकिन धरातल पर कोई भी कर्मचारी तारों को कसने या ठीक करने नहीं आया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग के लोग कभी-कभार गांव का दौरा करने आते हैं, फोटो खींचते हैं और कागजी खानापूर्ति करके वापस लौट जाते हैं। थुरियानी चैराहा क्षेत्र का एक व्यस्ततम स्थान है। यहां से रोजाना हजारों की संख्या में लोग, स्कूली बच्चे, किसान और वाहन गुजरते हैं। चैराहे के ठीक ऊपर से गुजर रहे ढीले तार किसी भी समय टूटकर गिर सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि वे हर दिन दिल थामकर घर से निकलते हैं क्योंकि उन्हें नहीं पता कि कब उनके साथ कोई दुर्घटना घट जाए। ढीले तारों का असर सिर्फ सुरक्षा तक ही सीमित नहीं है। इसकी वजह से पूरे इलाके में लो-वोल्टेज की समस्या गहरा गई है। शाम होते ही घरों की बत्तियां झपकने लगती हैं और वोल्टेज इतना डाउन हो जाता है कि टीवी, फ्रिज, पंखे और मोटर जैसे महंगे उपकरण जलकर खराब हो रहे हैं। कई परिवारों को पहले ही हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ चुका है। इसके साथ ही बिजली के पोलों के नीचे और तारों के आसपास गंदगी और झाड़ियां बढ़ गई हैं। विभाग द्वारा सफाई न कराए जाने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और गांव में बुखार जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडराने लगा है। ग्रामीणों का गुस्सा अब चरम पर पहुंच चुका है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इन खतरनाक तारों को दुरुस्त नहीं किया गया और कोई अप्रिय घटना हुई तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग के लापरवाह अधिकारियों की होगी। उन्होंने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि तुरंत एक तकनीकी टीम भेजकर थुरियानी गांव और चैराहे पर लगी 11000 वोल्ट की लाइन की जांच कराई जाए और सभी ढीले तारों को पूरी तरह से टाइट किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सभी एकजुट होकर कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे और उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल पूरा थुरियानी गांव डर के साए में जी रहा है और हर कोई टकटकी लगाकर बिजली विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now