– बिंदकी पुलिस ने वापस कराए 38 हजार रुपये
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच बिंदकी कोतवाली पुलिस की साइबर टीम ने एक पीड़ित को बड़ी राहत दिलाते हुए साइबर ठगी के 38 हजार रुपये उसके खाते में वापस करा दिए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी बिंदकी के पर्यवेक्षण में थाना बिंदकी साइबर टीम ने साइबर शिकायत संख्या 33109240110504 पर प्रभावी कार्रवाई की। जांच के दौरान टीम ने संबंधित बैंक एवं अन्य माध्यमों से समन्वय स्थापित कर साइबर ठगी का शिकार हुए मो. जुनैद पुत्र मो. सलीम निवासी मोहल्ला मुगलाही कस्बा एवं थाना बिंदकी के खाते में 38 हजार रुपये वापस करा दिए। पीड़ित ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें और साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नीरज कुमार मौर्या, कांस्टेबल धर्मेन्द्र लोधी एवं कांस्टेबल अजीत यादव शामिल रहे।
