काउंसलिंग करवातीं प्रभारी निरीक्षक व काउंसलर।
– परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलिंग बनी रिश्तों की डोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पारिवारिक कलह के कारण टूटने की कगार पर पहुंचा एक दांपत्य रिश्ता मंगलवार को फिर से जुड़ गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के कुशल निर्देशन में पुलिस लाइन स्थित महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं परिवार परामर्श केंद्र में हुई काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने अपने वैचारिक मतभेद और आपसी मनमुटाव को भुलाकर दोबारा साथ रहने का निर्णय लिया।
परिवार परामर्श केंद्र में प्रभारी निरीक्षक संगीता सिंह और काउंसलर कविता रस्तोगी ने दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनी और उन्हें रिश्ते की अहमियत समझाते हुए सकारात्मक संवाद कराया। लंबी काउंसलिंग के बाद दोनों ने सभी पुराने विवाद समाप्त कर वैवाहिक जीवन को नई शुरुआत देने पर सहमति जताई। समझौते के बाद दंपति खुशी-खुशी एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लेकर अपने घर रवाना हो गए। इस दौरान महिला आरक्षी अनीता मिश्रा भी काउंसलिंग प्रक्रिया में सहयोग के लिए मौजूद रहीं। पुलिस विभाग का कहना है कि परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य टूटते परिवारों को बचाना, आपसी संवाद बढ़ाना और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है। केंद्र के माध्यम से लगातार ऐसे मामलों का शांतिपूर्ण समाधान कराया जा रहा है, जिससे कई परिवारों में फिर से खुशियां लौट रही हैं।
