CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत अल्लीपुर भादर गांव में एक किसान अपनी भूमिधरी भूमि पर मकान निर्माण कराने के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहा है। किसान का आरोप है कि उसकी जमीन के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के कारण निर्माण कार्य बाधित हो रहा है। लाइन हटवाने के लिए वह तहसील दिवस से लेकर बिजली विभाग तक कई बार गुहार लगा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
पीड़ित दिनेश सिंह उर्फ कल्लू सिंह चैहान पुत्र जगपत सिंह ने बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व गांव के अमृत लाल पुत्र सुखलाल ने उसकी सहमति के बिना उसकी भूमिधरी भूमि के ऊपर से अपने निजी नलकूप तक बिजली लाइन खिंचवा ली थी। उस समय विरोध करने पर आश्वासन दिया गया था कि भविष्य में जब वह अपनी जमीन पर मकान बनाएगा, तब लाइन हटवा दी जाएगी। पीड़ित का कहना है कि वर्तमान में उसका पुराना मकान गिर जाने के कारण वह अपनी भूमि पर नया मकान बनवा रहा है, लेकिन अब संबंधित पक्ष लाइन हटाने को तैयार नहीं है। इससे मकान निर्माण का कार्य प्रभावित हो रहा है और परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिनेश सिंह के अनुसार, मामले की शिकायत करने पर बिजली विभाग की ओर से यह सुझाव दिया गया कि लाइन से जुड़े तीनों निजी नलकूप संचालक तथा मकान निर्माण कराने वाला पक्ष आपसी सहमति से खर्च वहन कर लाइन को दूसरी ओर स्थानांतरित करा सकते हैं। हालांकि खर्च के बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पाने से समस्या जस की तस बनी हुई है। पीड़ित ने प्रशासन और बिजली विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अपनी भूमिधरी भूमि से गुजर रही लाइन को हटवाने तथा मकान निर्माण में आ रही बाधा दूर कराने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते समाधान न होने पर कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है, क्योंकि मकान निर्माण स्थल के ऊपर से उच्च क्षमता की बिजली लाइन गुजर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now