फोटो परिचय- नगर में प्रभात फेरी निकालकर गुरु नानक देव जी का स्मरण करते सिख समुदाय के लोग।
– शबद-कीर्तन और गुरु महाराज के जयकारों से भक्तिमय हुआ शहर का माहौल
– 24 नवंबर को गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में धूमधाम से मनाया जाएगा 557वां प्रकाश पर्व
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर जिले में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा की ओर से श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। गुरु वाणी के मधुर शबद-कीर्तन और जयकारों के बीच निकली प्रभात फेरी से नगर का वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।
प्रभात फेरी का शुभारंभ गुरुद्वारा साहिब से हुआ। इसके बाद संगत हरिहरगंज, चूना गली और नपी हाता सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
गुरुद्वारा साहिब की प्रबंधक कमेटी ने बताया कि गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व 24 नवंबर को गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में परंपरागत धार्मिक रीति-रिवाजों और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान गुरुवाणी पाठ, शबद-कीर्तन समेत विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रभात फेरी में जतिंदर पाल सिंह, मंजीत सिंह, चरनजीत सिंह, ज्ञानी प्रीतम सिंह, परमजीत सिंह, परविंदर सिंह, नरिंदर सिंह, वरिंदर सिंह, गुरमीत सिंह, अनमोल सिंह, जसवीर सिंह, हरमिंदर सिंह, हरजीत सिंह, हरजीत कौर, हरविंदर कौर, मंजीत कौर, ईशर कौर, सतबीर कौर, जसपाल कौर, खुशी, हरमीत कौर, प्रभजीत कौर, वरिंदर कौर एवं वीर सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
