फोटो परिचय-  जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर डीएम को शिकायती पत्र देने जाते मोहल्लेवासी।

– क्षतिग्रस्त खड़ंजे पर जमा है नालियों का दूषित पानी, संक्रमण का खतरा

– मोहल्लेवासियों ने डीएम को सौंपा शिकायती पत्र, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। शहर के रानी कॉलोनी पूर्वी में बदहाल जलनिकासी व्यवस्था स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। अंबेडकर के बगल और पीछे बसे मोहल्ले में सड़क की दुर्दशा के साथ नालियों का गंदा पानी जमा होने से लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो रहा है। लंबे समय से बनी इस समस्या को लेकर नाराज मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।

शिकायती पत्र में लोगों ने बताया कि मोहल्ले में बिछाया गया कट स्टोन का खड़ंजा दोनों तरफ से टूटकर क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क की हालत खराब होने के कारण पहले से ही आवागमन प्रभावित है, वहीं नालियों के पानी की निकासी का इंतजाम न होने से पूरी सड़क गंदे पानी से लबालब रहती है। हालात ऐसे हैं कि राहगीरों को इसी दूषित पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।

मोहल्लेवासियों का कहना है कि लगातार जमा गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध ने लोगों का रहना दूभर कर दिया है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया जा रहा है।

लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया जाए और क्षतिग्रस्त खड़ंजे को दुरुस्त कराने के साथ नालियों की जलनिकासी का स्थायी इंतजाम कराया जाए, ताकि मोहल्लेवासियों को रोजाना की परेशानी से राहत मिल सके।

इस दौरान उदयभान, रामेश्वर सिंह, राकेश कुमार, विनोद मौर्या, अंकित मौर्या, स्वराज, दिलीप कुमार, गनेश कुमार, अनिरूद्ध सिंह, शिवम कुमार मौर्य, सीमा राजपूत, दयाराम राजपूत, अर्चना देवी, रवि शंकर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now