फोटो परिचय- किसान दिवस की बैठक में किसानों की समस्याएं सुनते अधिकारी।
– किसानों ने क्रय केंद्रों के स्थानांतरण व नहर की पुलियों के निर्माण की उठाई मांग
– 25 नवंबर से शुरू होगी गन्ने की खरीद, समस्याओं के स्थलीय समाधान के निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण शेषमणि सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में खाद की उपलब्धता, धान खरीद, सिंचाई व्यवस्था और कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। किसानों ने अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने पिछली किसान दिवस बैठक में आई शिकायतों पर की गई कार्रवाई का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने रबी फसलों की तैयारियों के मद्देनजर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने किसानों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना, मुख्यमंत्री फल उद्यान योजना, आरकेवीवाई और एकीकृत बागवानी मिशन के तहत मिलने वाली सुविधाओं व अनुदान की जानकारी दी।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी समरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में संचालित सभी धान क्रय केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया जारी है। ऑफलाइन टोकन व्यवस्था के माध्यम से पारदर्शिता के साथ किसानों का धान खरीदा जाएगा। इस दौरान किसानों ने ललौली और देवलान क्षेत्र में धान का उत्पादन कम होने का हवाला देते हुए वहां स्थापित क्रय केंद्रों को अधिक पैदावार वाले इलाकों में स्थानांतरित करने की मांग रखी। वहीं, आगामी 25 नवंबर से गन्ना खरीद शुरू होने की जानकारी भी दी गई।
किसान दिवस में भारतीय किसान यूनियन के धाता ब्लॉक अध्यक्ष रविकरन सिंह ने धाता और कबरहा में धान क्रय केंद्र स्थापित कराने का मुद्दा उठाया। खजुहा ब्लॉक अध्यक्ष अंगद सिंह चंदेल ने निचली गंगा नहर की खुर्माबाद और मड़रांव माइनर पर क्षतिग्रस्त पुलियों का निर्माण कराए जाने की मांग की। किसानों का कहना था कि पुलियों की समस्या से आवागमन और कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव के वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार पांडेय ने सर्दी के मौसम में पशुओं को ठंड से बचाने, उनके खानपान और उचित देखभाल के संबंध में जरूरी सुझाव दिए।
अंत में अध्यक्षता कर रहे परियोजना निदेशक शेषमणि सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल अभिलेखों तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता की मौजूदगी में समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
