ईओ को प्रार्थना पत्र देने जाते पीड़ित।
– ईओ से कार्रवाई का मांगा जवाब
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर के महिला छोटी बाजार चैक स्थित एक दुकान के असेसमेंट रजिस्टर में कथित रूप से नाम परिवर्तन किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर प्रार्थीगण ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की जांच कर संबंधित अभिलेखों की प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
दिए गए प्रार्थना पत्र में लियाकत हुसैन, रियासत हुसैन, सराफत हुसैन, चांद बाबू आदि ने बताया गया कि भवन संख्या 102/96, महिला छोटी बाजार चैक स्थित दुकान को लेकर मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय में सिविल वाद लंबित होने के कारण नगर पालिका द्वारा पूर्व में यह निर्देश जारी किया गया था कि न्यायालय के अंतिम निर्णय तक भवन के दाखिल-खारिज अथवा अंतरण संबंधी कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके बावजूद आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका के असेसमेंट रजिस्टर से प्रार्थी का नाम हटाकर उसके स्थान पर शरीफ पुत्र मंजूर अली तथा मो. हुसैन पुत्र मो. इब्राहिम का नाम दर्ज कर दिया गया। सवाल उठाया है कि यह कार्रवाई किस आधार और किन अभिलेखों के आधार पर की गई। पत्र में अधिशासी अधिकारी से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि असेसमेंट रजिस्टर में नाम परिवर्तन किस आदेश और किन दस्तावेजों के आधार पर किया गया। साथ ही संबंधित अभिलेखों एवं प्रमाणित प्रतियां भी उपलब्ध कराई जाएं, ताकि न्यायालय में लंबित वाद के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता की स्थिति स्पष्ट हो सके।
