– महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए लगेंगी अलग कतारें
– महिला जलाभिषेक के समय रहेंगी सिर्फ महिला पुलिस कर्मी
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। श्रावण मास के पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू की है। पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्रा के निर्देशन व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के पर्यवेक्षण में जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम जलाभिषेक कराया जा सके।
पुलिस के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के तांबेश्वर मंदिर, जहानाबाद के राजराजेश्वर मंदिर उर्फ बड़े बाबा, ललौली स्थित धवईश्वर मंदिर, गाजीपुर के जागेश्वर मंदिर, गूढ़ेश्वर मंदिर चांदपुर और कुण्डेश्वर मंदिर खागा में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। मंदिर परिसरों, प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक मंदिर में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है। महिला श्रद्धालुओं के जलाभिषेक के दौरान केवल महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी और उनके दर्शन पूर्ण होने के बाद ही पुरुष श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा। इसी प्रकार पुरुष श्रद्धालुओं के जलाभिषेक के समय केवल पुरुषों को ही गर्भगृह में प्रवेश मिलेगा। भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस की भी विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित कतारों में रहकर दर्शन एवं जलाभिषेक करें, अनावश्यक भीड़ न लगाएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस कर्मी या डायल-112 पर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now