भेड़ व्यापारी के घर टूटा पड़ा लाकर।
– रात में ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए चोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। औंग थाना क्षेत्र के गंगचैली बुजुर्ग गांव में चोरों ने एक भेड़ व्यापारी के घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। रात के अंधेरे में घर का ताला तोड़कर दाखिल हुए चोरों ने अलमारी को खंगालकर उसमें रखे सोने-चांदी के कई लाख रुपये कीमत के आभूषण और 50 हजार रुपये की नकदी पार कर दी। सुबह घर में चोरी का पता चलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
गंगचैली बुजुर्ग गांव निवासी मुरली पाल भेड़ व्यापारी हैं। बताया जा रहा है कि अज्ञात चोरों ने रात में उनके घर को निशाना बनाया। चोरों ने पहले घर का ताला तोड़ा और अंदर घुसने के बाद कमरों की तलाशी ली। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद निकाल लिए। वारदात के बाद चोर बिना किसी आहट के मौके से फरार हो गए। सुबह परिजनों ने घर का ताला टूटा और सामान अस्त-व्यस्त देखा तो चोरी की जानकारी हुई। अलमारी खोलकर देखी गई तो उसमें रखे जेवरात और नकदी गायब थी। परिजनों ने तत्काल औंग थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। पुलिस अब चोरों तक पहुंचने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संभावित रास्तों पर सुराग तलाशे जा रहे हैं। थाना पुलिस का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए टीम को लगाया गया है और जल्द ही चोरी का पर्दाफाश कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। एक ही रात में घर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी होने से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस की कार्रवाई से अब लोगों को जल्द चोरी के खुलासे की उम्मीद है।
