– सौ किलो दूषित मिठाई नष्ट, 48 लीटर क्रीम एनालॉग भी कराई नष्ट
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। रक्षाबंधन पर्व से पहले खाद्य विभाग ने मिलावटी और दूषित मिठाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राधानगर-बिंदकी रोड स्थित एक मिठाई के गोदाम पर छापा मारा। यहां जनपद के बाहर से लाई गई मिठाइयों को ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों पर सप्लाई करने की तैयारी चल रही थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने बर्फी, रसगुल्ला और गुलाब जामुन के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे, जबकि करीब 500 किलोग्राम रसगुल्ला व गुलाब जामुन सीज कर दिए गए। वहीं करीब 100 किलोग्राम दूषित मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभिसूचना के आधार पर विनोद कुमार गुप्ता द्वारा संचालित मिठाई के गोदाम पर छापेमारी की। गोदाम में भारी मात्रा में बाहर से मंगाई गई मिठाइयां भंडारित मिलीं। इन मिठाइयों को रक्षाबंधन से पहले ग्रामीण बाजारों में पहुंचाने की तैयारी थी। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बर्फी, रसगुल्ला और गुलाब जामुन के नमूने लिए। इसके साथ ही करीब 500 किलो रसगुल्ला और गुलाब जामुन को सीज कर दिया गया। करीब 100 किलो दूषित मिठाई मिलने पर उसे नष्ट कराया गया। विभाग की कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया। गोदाम की जांच के दौरान क्रीम एनालॉग के 48 पैकेट, कुल करीब 48 लीटर भी बरामद हुए। खाद्य विभाग के मुताबिक यह मिल्क प्रोडक्ट्स और रिफाइंड पामोलीन ऑयल से निर्मित था। इसके विक्रय एवं भंडारण पर रोक होने के कारण टीम ने इसे भी नष्ट करा दिया। अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराधा कुशवाह, धीरज कुमार दीक्षित, दिनेश चन्द्र एवं देवेश मिश्रा शामिल रहे।
