भारत और भूटान के अलावा दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) में पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, अफगानिस्तान, मालदीव और श्रीलंका शामिल हैं। ‘इंटरलाइन’ व्यवस्था ऐसी साझेदारी है, जिसके तहत साझेदार विमानन कंपनी द्वारा संचालित उड़ानों के लिए टिकट जारी और स्वीकार किए जाते हैं। ‘इंटरलाइन टिकट’ जारी करते समय परिचालन करने वाली एयरलाइन के उड़ान नंबर का इस्तेमाल किया जाता है।
एयर इंडिया ने कहा कि भूटान की एयरलाइन के साथ यह साझेदारी यात्रियों को एक ही टिकट पर एयर इंडिया और ड्रुकएयर की उड़ानों को जोड़कर यात्रा करने की सुविधा देती है, जिससे शुरुआत से अंत तक सुगम यात्रा सुनिश्चित होती है। एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी निपुण अग्रवाल ने कहा, ‘‘ड्रुकएयर के साथ हमारी साझेदारी सार्क क्षेत्र में संपर्क मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करती है, जिसे हम अपना विस्तारित घरेलू बाजार मानते हैं।
भूटान इस क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और हमें अपने यात्रियों के लिए भूटान तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने में खुशी है। हम ड्रुकएयर के यात्रियों का एयर इंडिया के व्यापक घरेलू एवं वैश्विक नेटवर्क पर स्वागत करने के लिए भी उत्सुक हैं।’’
इसी तरह, ड्रुकएयर के यात्रियों को दिल्ली, गुवाहाटी और कोलकाता के रास्ते एयर इंडिया के व्यापक घरेलू नेटवर्क तक सीधी पहुंच मिलेगी। ड्रुकएयर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तांडी वांगचुक ने कहा, ‘‘यह साझेदारी ड्रुकएयर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है क्योंकि हम अपने वैश्विक संपर्क को मजबूत करने और अपने यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।