– मस्जिद की देखरेख के साथ मुअज्जिन की जिम्मेदारी संभालते थे ननकू
– ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर हादसे से गांव में पसरा मातम
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जाफरगंज थाना क्षेत्र के डांडा सहिमलपुर गांव में बुधवार सुबह ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर दर्दनाक हादसा हो गया। फज्र की नमाज से पहले मस्जिद में अजान देने के दौरान माइक में अचानक करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से करीब 80 वर्षीय मुअज्जिन ननकू की मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
बताया गया कि डांडा सहिमलपुर निवासी ननकू पुत्र खुदाबख्श लंबे समय से गांव की मस्जिद की देखरेख करते थे और मुअज्जिन की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे। बुधवार सुबह वह फज्र की नमाज के लिए अजान दे रहे थे। इसी दौरान माइक में अचानक विद्युत करंट प्रवाहित हो गया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण मस्जिद पहुंच गए। बुजुर्ग की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर जहां गांव में खुशी का माहौल था, वहीं घटना के बाद माहौल गमगीन हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है।
