जरूरतमंद परिवार की बेटियों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करते समर्पण फाउंडेशन के पदाधिकारी।
CITY NEWS FATEHPUR
धाता, फतेहपुर(CNF)। सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर कार्य कर रही समर्पण फाउंडेशन ने एक बार फिर जरूरतमंद परिवार की मदद कर मानवता और सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है। संस्था ने आर्थिक संकट से गुजर रहे एक परिवार की दो बेटियों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनकी पढ़ाई जारी रखने में सहायता की।
जानकारी के अनुसार धाता क्षेत्र निवासी दीपिका और उसकी बहन के पिता अजय सिंह का कुछ समय पूर्व जहरीले कीड़े के काटने से असामयिक निधन हो गया था। परिवार के भरण-पोषण का मुख्य साधन उनकी छोटी चाय-समोसे की दुकान थी। पिता की मृत्यु के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया, जिससे बच्चियों की पढ़ाई भी प्रभावित होने लगी।
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर समर्पण फाउंडेशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष मुकेश सिंह ने आगे बढ़कर बच्चियों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी संस्था परिवार की हर संभव मदद करेगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार ज्ञान सिंह, समर्पण फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य विवेक सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। फाउंडेशन के संस्थापक अजय सिंह ने बताया कि संस्था समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराती रही है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंद परिवारों के सहयोग के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
समर्पण फाउंडेशन की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसे समाज के कमजोर वर्गों के लिए प्रेरणादायी कदम बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों को नई उम्मीद मिलती है।
