– हाईटेंशन लाइन के आसपास सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
– 11 हजार वोल्ट की लाइन से झुलसकर अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। नलकूप की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करना एक युवक को भारी पड़ गया। 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं बल्दी का पुरवा मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई।
बल्दी का पुरवा निवासी बउआ पुत्र मैकू सोमवार को लौकियापुर स्थित एक नलकूप की बिजली व्यवस्था ठीक करने गया था। इसी दौरान वह अचानक वहां से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसा होते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों ने किसी तरह घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। उपचार के दौरान बउआ की मौत हो गई।
युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन बेसुध हो गए। कुछ ही देर में रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों की भीड़ पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना ने नलकूपों के आसपास बिजली के तारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा मानकों की जांच कराने और लापरवाही की स्थिति में प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, जिससे भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
