– किताबों से लेकर कंप्यूटर तक की सुविधाएं, नियमित संचालन पर जोर

– धाता की आठ ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी का डीपीआरओ ने परखा इंतजाम
CITY NEWS FATEHPUR

धाता, फतेहपुर(CNF)। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शहरों का रुख करने की मजबूरी कम होगी। गांव के पंचायत भवनों को अध्ययन और डिजिटल संसाधनों से जोड़कर विद्यार्थियों के लिए आधुनिक पढ़ाई का माहौल तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिला पंचायत राज अधिकारी रमाशंकर वर्मा ने विकास खंड धाता की आठ ग्राम पंचायतों का दौरा कर डिजिटल लाइब्रेरियों की हकीकत परखी।

डीपीआरओ ने सेमरहटा, घोसी, उमरा, अढ़ौया, मखौवा, सरवनपुर, नेदौरा और किशुनपुर चिरई पहुंचकर पंचायत भवनों में तैयार की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध पुस्तकों, फर्नीचर, विद्यार्थियों के बैठने-पढ़ने की व्यवस्था, कंप्यूटर और अन्य डिजिटल संसाधनों की स्थिति देखी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि लाइब्रेरी महज कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों को इसका नियमित लाभ मिले। इसके लिए पंचायत भवनों में साफ-सुथरा, शांत और सुविधाजनक अध्ययन वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

डीपीआरओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों के अभाव में कई विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहर नहीं जा पाते। ऐसे युवाओं को गांव में ही बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी उपयोगी पुस्तकें और डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने पंचायत सहायकों और अन्य संबंधित कर्मचारियों को लाइब्रेरी की नियमित देखरेख के निर्देश दिए। साथ ही कंप्यूटर व अन्य उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और निर्धारित समय पर लाइब्रेरी खोलने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए लगातार सुविधा मिल सके। व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now