– अकेले साइकिल से निकला था तेजस, सौंरा में अचेत मिलने तक की कड़ी जोड़ रही पुलिस
– सीसीटीवी में छात्र की पिटाई के दृश्य सामने आने का दावा, प्रधानाचार्य जेल में
शैल शुक्ला
सिटी न्यूज़ फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। कक्षा 12 के छात्र तेजस उर्फ यशु द्विवेदी की मौत का मामला अब कई अनसुलझे सवालों के बीच पहुंच गया है। स्कूल में कथित पिटाई से लेकर सौंरा में अचेत मिलने और फिर इलाज के दौरान मौत तक की घटनाओं ने पुलिस की जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर स्कूल से निकलने के बाद तेजस के साथ ऐसा क्या हुआ, जिसने उसकी जान ले ली।
मृतक की मां की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज शिवपुरम के प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद विद्यालय में छात्र के साथ किए गए कथित व्यवहार और दंड को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं।
पुलिस ने विद्यालय का सीसीटीवी डीवीआर कब्जे में लेकर फुटेज खंगालना शुरू किया है। जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, फुटेज में तेजस और उसके एक सहपाठी को डंडे से पीटे जाने के दृश्य दिखाई देने की बात सामने आई है। इसके बाद तेजस को करीब एक घंटे 45 मिनट तक अलग बैठाए रखने की जानकारी भी पुलिस की जांच में सामने आई है। अब जांच का अहम बिंदु यही है कि इस अवधि में छात्र की हालत कैसी थी और उसके साथ वास्तव में क्या व्यवहार किया गया।
स्कूल से निकलने के बाद कहां गया तेजस?
मामले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी स्कूल से निकलने के बाद की है। विद्यालय से निकलने के बाद रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों में तेजस के अकेले साइकिल से जाते दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती तौर पर इन फुटेज में वह किसी गंभीर परेशानी में नजर नहीं आता। इसके कुछ समय बाद उसका मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा में अचेत अवस्था में मिलना पूरी घटना को रहस्यमय बना रहा है।
पुलिस अब स्कूल से सौंरा तक के रास्ते में लगे कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है। जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि रास्ते में तेजस किसी व्यक्ति से मिला था या नहीं, उसने कहीं रुककर समय बिताया था या उसके साथ कोई ऐसी घटना हुई, जिसका पता अभी तक नहीं चल सका है।
चोटों ने बढ़ाई जांच की पेचीदगी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर गंभीर चोटों, ब्लड क्लॉटिंग और पसली में फ्रैक्चर की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस के सामने कई संभावनाएं हैं। यह भी जांच की जा रही है कि चोटें गिरने से आईं, रास्ते में किसी घटना के दौरान लगीं या किसी अन्य वजह से छात्र घायल हुआ। पुलिस किसी एक संभावना को अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं मान रही है।
प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी के बाद प्रबंधन भी जांच के घेरे में
तेजस की मौत के बाद परिवार में आक्रोश है और विभिन्न राजनीतिक दलों व संगठनों की ओर से निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी के बाद विद्यालय प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को जोड़कर घटनाक्रम की कड़ी तैयार कर रही है। जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि स्कूल में कथित पिटाई के बाद अकेले साइकिल से निकला तेजस आखिर सौंरा तक कैसे पहुंचा और वहां उसके साथ क्या हुआ? इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
