बैठक में स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा करतीं पूर्व सैनिक उत्थान समिति महिला संगठन की पदाधिकारी।

– महिला संगठन ने आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी लगाए गंभीर आरोप
– 30 से 50 हजार रुपये तक वसूली का दावा, आंदोलन की चेतावनी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर पूर्व सैनिक उत्थान समिति महिला संगठन ने मोर्चा खोलने के संकेत दिए हैं। रविवार को रंजना कक्कड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में महिलाओं ने खास तौर पर निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान कथित तौर पर की जा रही मनमानी वसूली का मुद्दा उठाया। संगठन ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

महिला संगठन की अध्यक्ष जागृति तिवारी ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाओं से दूर कर कुछ लोग कमीशन के लालच में निजी अस्पतालों तक पहुंचा रहे हैं। आरोप है कि सामान्य प्रसव की स्थिति में भी ऑपरेशन की सलाह देकर परिजनों से हजारों रुपये वसूले जाते हैं।

उन्होंने दावा किया कि कई मामलों में मरीजों को अलग-अलग स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं बताकर 30 से 50 हजार रुपये तक के बिल थमाए जाने की शिकायतें सामने आती हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह रकम जुटाना मुश्किल होता है और कई बार उन्हें कर्ज लेने, जेवर बेचने अथवा जमीन गिरवी रखने तक की नौबत आ जाती है।

बैठक में कुछ आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए। संगठन की पदाधिकारियों का आरोप है कि प्रसव के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचने वाली महिलाओं को निजी अस्पतालों में ले जाने के एवज में कमीशन दिए जाने की शिकायतें हैं। संगठन ने कहा कि यदि ऐसे आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

महिलाओं ने स्वास्थ्य विभाग से जिले में संचालित निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम के पंजीकरण, चिकित्सकीय सुविधाओं तथा प्रसव के नाम पर लिए जा रहे शुल्क की जांच कराने की मांग की। साथ ही बिना मानकों के संचालित होने वाले अस्पतालों को चिन्हित कर कार्रवाई की मांग उठाई।

जागृति तिवारी ने कहा कि गरीब परिवारों का आर्थिक शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करेगा और ऐसे अस्पतालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए आवाज बुलंद की जाएगी।

बैठक में रंजना कक्कड़, जागृति तिवारी, सुमन मौर्य, सरोज शर्मा, रीता सिंह, सुनीता यादव, साधना सिंह, सौम्या सिंह, अरुणा मिश्रा, माया देवी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now