घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– कहासुनी के बाद दो पक्षों में बढ़ा विवाद, लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग का आरोप
– गोली लगने से मनीष दुबे गंभीर घायल, हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में मौत
– एसपी ने फरार अमन सिंह व इन्द्रेष विक्रम उर्फ मन्नू सिंह पर घोषित किया 25-25 हजार का इनाम
मोहसिन खान
सिटी न्यूज़ फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में देशी शराब ठेके के सामने वर्चस्व को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देर रात दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से मनीष दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
असनी गांव में देशी शराब ठेके के सामने मनीष दुबे के बेटे वैभव और ठेके के सेल्समैन पक्ष के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी गई। गोली मनीष दुबे को लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
अचानक हुई फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई। परिजनों ने आनन-फानन घायल मनीष को इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाना शुरू किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शराब ठेके के सेल्समैन गोवर्धन निषाद समेत सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने फरार मुख्य आरोपित अमन सिंह और इन्द्रेष विक्रम उर्फ मन्नू सिंह की गिरफ्तारी के लिए दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। एसपी ने आरोपितों को शरण देने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शव सड़क पर रखकर हाईवे किया जाम, सख्त कार्रवाई की मांग

लखनऊ-फतेहपुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगाए परिजन।
सिटी न्यूज़ फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। मनीष दुबे की गोली मारकर हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने शव को लखनऊ-फतेहपुर मार्ग पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। परिजन आरोपितों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग पर अड़ गए।
हाईवे जाम होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।
